'ऑपरेशन मुस्कान': सितंबर माह में 39 लाख के 120 मोबाइल मालिकों को पुलिस ने लौटाए

WhatsApp Channel Join Now
'ऑपरेशन मुस्कान': सितंबर माह में 39 लाख के 120 मोबाइल मालिकों को पुलिस ने लौटाए


'ऑपरेशन मुस्कान': सितंबर माह में 39 लाख के 120 मोबाइल मालिकों को पुलिस ने लौटाए


मुजफ्फरपुर, 25 सितंबर (हि.स.)।

पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष 'ऑपरेशन मुस्कान' (मिशन मुस्कान) अभियान ने एक बार फिर जिले के दर्जनों नागरिकों के चेहरे पर खुशी ला दी है। मुजफ्फरपुर के SSP कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता का उपयोग करते हुए सितंबर महीने में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी और गुम हुए कुल 120 मोबाइल फोनों को सफलतापूर्वक बरामद किया है।

बरामद किए गए इन सभी मोबाइल फोनों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 39 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में इन सभी फोनों को उनके वास्तविक धारकों व मालिकों को सौंप दिया गया।

वर्ष 2026 में अब तक 2.55 करोड़ रुपये के 865 मोबाइल बरामद

एसएसपी ने बताया कि मुजफ्फरपुर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और उनके कीमती सामान की सुरक्षा व बरामदगी को लेकर लगातार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। पुलिस आंकड़ों के अनुसार, इस साल (वर्ष 2026 में) अब तक कुल 07 अलग-अलग चरणों में अभियान चलाकर लगभग 2 करोड़ 55 लाख (2.55 करोड़) रुपये मूल्य के 865 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं और उन्हें उनके धारकों को सुरक्षित हस्तांतरित किया गया है।

वर्ष 2026 में चरणवार बरामदगी का विवरण:

जनवरी: 95 मोबाइल (अनुमानित मूल्य: ₹28 लाख)

मार्च: 201 मोबाइल (अनुमानित मूल्य: ₹42 लाख)

अप्रैल: 117 मोबाइल (अनुमानित मूल्य: ₹35 लाख)

जून: 106 मोबाइल (अनुमानित मूल्य: ₹35 लाख)

जुलाई: 120 मोबाइल (अनुमानित मूल्य: ₹41 लाख)

अगस्त: 106 मोबाइल (अनुमानित मूल्य: ₹35 लाख)

सितंबर: 120 मोबाइल (अनुमानित मूल्य: ₹39 लाख)

कुल योग: 865 मोबाइल (कुल अनुमानित कीमत: ₹2.55 करोड़)

तकनीकी टीम की तत्परता और सांख्यिकी उपकरण इकाई का गठन

उल्लेखनीय है कि 02 फरवरी 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर द्वारा गुम अथवा चोरी हुए मोबाइल फोनों की तकनीकी सहायता से पहचान एवं बरामदगी हेतु विशेष सांख्यिकी उपकरण बरामदगी इकाई (सा०उ०ब०ई०) का गठन किया गया था। गठित इकाई ने अत्यंत तत्परतापूर्वक कार्य करते हुए इन मोबाइल फोनों को ट्रैक और रिकवर किया है।

शानदार प्रदर्शन और त्वरित कार्रवाई के लिए पु०नि० अंजनी कुमार सिंह (प्रभारी जिला आसूचना इकाई) के अनुश्रवण में मोबाइल बरामदगी टीम में शामिल पुलिस अधिकारियों पु०अ०नि० सुखविंदर नैन, पु०अ०नि० शिवशंकर सिंह तथा सिपाही अंबुज कुमार को पुलिस प्रशासन द्वारा अलग से पुरस्कृत किया जाएगा।

मोबाइल, लैपटॉप या आईपैड गुम होने पर नियंत्रण कक्ष में दें सूचना: मुजफ्फरपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल, लैपटॉप या आईपैड चोरी हो गया है या खो गया है, तो वे घबराएं नहीं। वे पूर्व में जारी किए गए प्रपत्रानुसार क्यूआर कोड (QR Code) स्कैन करके या गूगल फॉर्म (Google Form) भरकर अपनी जानकारी दर्ज करा सकते हैं।

इसके अलावा, नागरिक अपनी शिकायत और विवरण सीधे पुलिस नियंत्रण कक्ष के व्हाट्सएप नंबर 9431896700 पर भी साझा कर सकते हैं। मुजफ्फरपुर पुलिस 'ऑपरेशन मुस्कान' को शत-प्रतिशत सफल बनाने और आम जनता के खोए सामान को वापस दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज कुमार

Share this story