मुजफ्फरपुर के रक्सा के समीप तिरहुत मुख्य नहर का बीस फीट बांध टूटा, सैकड़ों खेतों में घुसा पानी

WhatsApp Channel Join Now
मुजफ्फरपुर के रक्सा के समीप तिरहुत मुख्य नहर का बीस फीट बांध टूटा, सैकड़ों खेतों में घुसा पानी


मुजफ्फरपुर के रक्सा के समीप तिरहुत मुख्य नहर का बीस फीट बांध टूटा, सैकड़ों खेतों में घुसा पानी


मुजफ्फरपुर, 09 अगस्त (हि.स.)।

जिले के मड़वन प्रखंड क्षेत्र के रक्सा स्थित वार्ड संख्या 14 में रविवार की अहले सुबह तिरहुत मुख्य नहर का उत्तर दिशा वाला बांध करीब बीस फीट तक टूट गया। बांध टूटने के बाद नहर का पानी तेजी से आसपास के खेतों में फैल गया, जिससे खेतों में लगी धान की फसल जलमग्न हो गई। घटना के बाद किसानों में चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार की सुबह करीब साढ़े तीन बजे अचानक नहर का बांध टूट गया। देखते ही देखते नहर का पानी आसपास के खेतों में फैलने लगा। किसानों ने इसकी सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को दी। हालांकि नहर में पानी की मात्रा फिलहाल अधिक नहीं होने के कारण खेतों में जमा पानी धीरे-धीरे निकल भी रहा है। इसके बावजूद बांध की समय पर मरम्मत नहीं होने पर स्थिति गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।

पूर्व मुखिया इंदल साह ने बताया कि फिलहाल नहर का पानी आसपास स्थित किसी भी घर तक नहीं पहुंचा है। लेकिन बांध करीब बीस फीट तक टूट जाने के कारण लगातार पानी का बहाव जारी रहा तो आसपास के रिहायशी इलाकों के साथ-साथ बड़े क्षेत्र में लगी धान की फसल प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि किसान पहले ही धान की रोपनी कर चुके हैं और इस समय खेतों में पानी का अनियंत्रित प्रवेश फसल के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।

उन्होंने जिलाधिकारी से मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को निर्देशित कर टूटे बांध की अविलंब मरम्मत कराने तथा नहर के पानी के बहाव को नियंत्रित करने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द से जल्द मौके पर टीम भेजकर स्थिति का जायजा लेने और बांध को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि किसानों को होने वाले संभावित नुकसान से बचाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज कुमार

Share this story