भागलपुर में बिहार जनसंघर्ष समिति की नगर स्तरीय बैठक, 22 नवंबर को 'मताधिकार बचाओ' सम्मेलन

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर में बिहार जनसंघर्ष समिति की नगर स्तरीय बैठक, 22 नवंबर को 'मताधिकार बचाओ' सम्मेलन


भागलपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। बिहार जनसंघर्ष समिति की ओर से रविवार को वार्ड संख्या 39 स्थित सहबाजनगर मोहल्ला, मौलानाचक में एक नगर स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता मो. रहीमउल्लाह सिद्दीकी ने की, जबकि संचालन मंजर आलम ने किया। इस बैठक में संगठन की मजबूती, विशेष गहन पुनरीक्षण नगर स्तर पर संगठन के विस्तार और आगामी 22 नवंबर को होने वाले 'मताधिकार बचाओ, लोकतंत्र बचाओ' सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए बिहार जनसंघर्ष समिति के अध्यक्ष गौतम कुमार ने कहा कि समिति का गठन सामाजिक मुद्दों पर मजबूत राजनीतिक पहल करने तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि मजदूरों, किसानों, मछुआरों, छात्रों और नौजवानों के अधिकारों की लड़ाई सिर्फ सामाजिक गतिविधियों तक सीमित रहकर नहीं लड़ी जा सकती, इसके लिए संगठित राजनीतिक संघर्ष बेहद जरूरी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि देश में भय और अराजकता का माहौल बनाकर संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक व्यवस्थाओं पर हमले किए जा रहे हैं, जो देश के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती हैं। ऐसे में जनता के अधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए व्यापक जनएकजुटता समय की मांग है। गौतम कुमार ने मताधिकार की सुरक्षा को लोकतंत्र की बुनियादी शर्त बताते हुए अपील की कि आगामी 22 नवंबर को आयोजित होने वाले 'मताधिकार बचाओ, लोकतंत्र बचाओ' सम्मेलन में सभी लोकतंत्र समर्थक संगठन, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, छात्र और आम नागरिक बड़ी संख्या में भाग लें। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से मो. रहीमउल्लाह सिद्दीकी को बिहार जनसंघर्ष समिति का नगर संयोजक चुना गया। इसके साथ ही समिति की नगर स्तरीय कमेटी का भी गठन किया गया। उपस्थित सदस्यों ने संगठन को वार्ड एवं मोहल्ला स्तर तक विस्तारित करने और जनसमस्याओं को लेकर नियमित अभियान चलाने का संकल्प लिया। इस बैठक में मुख्य रूप से इसरार, शाहजहाँ, मो. बेलाल अंसारी, सुभाष कुमार प्रसाद, मो. अजहर परवेज, इनामुल हक, उज्ज्वल घोष, मो. शहाबउड्डी, मो. नौशाद खां, मो. जमील, जुगेश मंडल, मो. अशरफ, निर्मल कुमार, मो. उमर फारूक, शाहबाज आलम, मो. सरफराज, कन्हैया यादव, मो. जीनी हामिदी, मो. जलाल सहित कई अन्य कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770420 Articles

Share this story