बिहार में सभी सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” से होगी
पटना, 27 अप्रैल (हि.स.)। बिहार में अब सभी सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” से होगी। इसके तुरंत बाद राष्ट्रीय गान प्रस्तुत किया जाएगा और फिर निर्धारित कार्यक्रम शुरू होंगे। कार्यक्रम का समापन बिहार राज्य गीत के साथ किया जाएगा।
इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मो सोहैल ने सभी विभागीय प्रमुखों, पुलिस महानिदेशक, प्रमंडलीय आयुक्तों और जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। निर्देश में सरकारी कार्यक्रमों और शैक्षणिक संस्थानों में गीतों के गायन का क्रम भी तय किया गया है।
नई व्यवस्था के तहत सभी शैक्षणिक संस्थानों में भी दिन की शुरुआत राष्ट्रीय गीत से होगी, जिसके बाद राष्ट्रगान गाया जाएगा। इसके बाद संस्थानों का नियमित संचालन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा। विभाग ने अधिकारियों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने को कहा है।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने 28 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय गीत के सम्मान और उसके गायन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

