स्कूल-कॉलेजों में पुलिस दीदी की तैनाती महिला सुरक्षा के लिए वरदान : डॉ. गोपाल जी ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
स्कूल-कॉलेजों में पुलिस दीदी की तैनाती महिला सुरक्षा के लिए वरदान : डॉ. गोपाल जी ठाकुर


दरभंगा, 26 अगस्त (हि.स.)।भाजपा सांसद सह लोकसभा में पार्टी के सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि बिहार सरकार की महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण से जुड़ी पहल सराहनीय है। स्कूल-कॉलेजों में ‘पुलिस दीदी’ की तैनाती छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करेगी, वहीं पीएचडी, फेलोशिप और स्टार्टअप के लिए आर्थिक सहायता महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने बुधवार को रक्षाबंधन के अवसर पर ज्ञान भवन, पटना में गृह विभाग एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त कार्यक्रम में कहा कि एक हजार महिलाओं को पीएचडी के लिए प्रतिमाह 10 हजार रुपये की फेलोशिप तथा 2,100 महिलाओं को स्टार्टअप के लिए 50 हजार से दो लाख रुपये तक की सहायता देने की पहल महत्वपूर्ण है।

डॉ. ठाकुर ने बताया कि पुलिस दीदी योजना के तहत पूरे बिहार में करीब 2,700 स्कूटी और दो हजार से अधिक मोटरसाइकिल के माध्यम से स्कूल-कॉलेजों के आसपास पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इससे छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि बिहार की करीब 1.81 करोड़ महिलाएं जीविका से जुड़ी हैं और लगभग 43 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। अगले दो वर्षों में एक लाख और जीविका दीदियों को लखपति बनाने का लक्ष्य है। सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर महिलाएं ही समृद्ध एवं विकसित बिहार की पहचान बनेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story