अंबेडकर भवन में गूंजा बिहार गौरव जिले में धूमधाम से मना बिहार दिवस

WhatsApp Channel Join Now
अंबेडकर भवन में गूंजा बिहार गौरव जिले में धूमधाम से मना बिहार दिवस


गोपालगंज, 22 मार्च (हि.स.)।जिले में रविवार को बिहार दिवस पूरे उत्साह, गर्व और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यालय स्थित अंबेडकर भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य राजीव कुमार एवं जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और बिहार की समृद्ध विरासत को लेकर गौरव का माहौल बन गया।

इस अवसर पर आयोजित समारोह में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, अपर समाहर्ता राजेश्वरी पाण्डेय, अपर समाहर्ता सह रोहित कुमार, भू-अर्जन पदाधिकारी अनिल कुमार तथा कोषागार पदाधिकारी शशिकांत आर्या,आईसीडीएस के डीपीओ रंजना कुमारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में बिहार की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक धरोहर पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने अपने संबोधन में बिहार के गौरवशाली अतीत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह धरती ज्ञान, संस्कृति और परंपरा की जननी रही है।

उन्होंने नालंदा और वैशाली जैसी ऐतिहासिक विरासतों का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार ने हमेशा देश और दुनिया को दिशा देने का काम किया है। साथ ही, वर्तमान समय में राज्य के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना में हो रहे सकारात्मक बदलावों को भी रेखांकित किया गया। कार्यक्रम में खास आकर्षण विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल रहे। आईसीडीएस, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग और कृषि विभाग ने अपने-अपने योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। इन स्टॉलों के माध्यम से आम लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, जिससे जागरूकता बढ़ाने में मदद मिली।

समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने बिहार दिवस के महत्व को समझते हुए राज्य की प्रगति और समृद्धि के लिए सामूहिक संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम का माहौल उत्सव, आत्मगौरव और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर रहा। यह आयोजन न केवल बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत करने का माध्यम बना, बल्कि समाज के सभी वर्गों को एकजुट कर राज्य के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश भी दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Akhilanand Mishra

Share this story