छह प्रमंडलों के कांग्रेस जिलाध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों की हुई समीक्षा बैठक
पटना, 07 सितंबर (हि.स.)। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मुख्यालय, सदाक़त आश्रम पटना में सोमवार को छह प्रमंडलों के सभी जिला अध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम ने की। बैठक में बिहार कांग्रेस के एआईसीसी प्रभारी कृष्णा अल्लावरू विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति, हर घर झंडा कार्यक्रम की अद्यतन स्थिति, जिला स्तर पर पार्टी की गतिविधियों, बूथ एवं पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने जिला अध्यक्षों एवं प्रभारियों से संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए कहा कि कांग्रेस को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने की दिशा में सभी पदाधिकारी पूरी सक्रियता के साथ काम करें।
उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं को मजबूती से उठाना कांग्रेस संगठन की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि जिला से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किए बिना किसी भी राजनीतिक लड़ाई को प्रभावी ढंग से नहीं लड़ा जा सकता। इसलिए सभी जिला अध्यक्ष और जिला प्रभारी नियमित रूप से कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करें तथा संगठन को मजबूत करने के लिए ठोस कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ें।
बैठक में बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने भी संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और जिला अध्यक्षों एवं प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय, संगठन की सक्रियता और जनता से लगातार संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया।
बैठक में अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, पंकज यादव सहित छह प्रमंडलों के सभी जिला अध्यक्ष एवं जिला प्रभारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

