बगहा में दुर्गा पूजा की तैयारियों के बीच दर्दनाक हादसा, करंट लगने से हुई मौतों पर बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जताया गहरा शोक
पटना, 12 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिमी चंपारण के बगहा क्षेत्र में दुर्गा पूजा के अवसर पर कलश स्थापना के लिए नदी से पवित्र जल लेने गए लोगों की करंट लगने से हुई दर्दनाक मौत की घटना पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।
राजेश राम ने कहा कि जिस समय पूरा देश मां दुर्गा की आराधना, आस्था और उत्सव में डूबा हुआ है, उस समय कई परिवारों के घरों में खुशियों की जगह मातम पसरा हुआ है। जिन परिवारों को पर्व की खुशियां मनानी थीं, वे आज अपने प्रियजनों को खोने के असहनीय दर्द से गुजर रहे हैं। यह केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक जिम्मेदारी से जुड़े गंभीर सवाल भी खड़े करती है।
बिहार में बाढ़ और जलजमाव की समस्या हर वर्ष लाखों लोगों के जीवन को प्रभावित करती है। इसके बावजूद सवाल उठता है कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त और प्रभावी इंतजाम क्यों नहीं किए जाते? नदी और आसपास के जलभराव वाले क्षेत्रों में बिजली का करंट कैसे पहुंचा? क्या बिजली के तारों, विद्युत उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्था की समय रहते जांच की गई थी? क्या संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन ने संभावित खतरे को लेकर आवश्यक सावधानियां बरती थीं?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी केवल आपदा के बाद मुआवजे की घोषणा करना नहीं, बल्कि समय रहते इस घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित लोगों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

