शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव की तैयारी में जुटी बिहार कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 14 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर बिहार कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू एवं बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम 15 से 17 अक्टूबर तक तीन दिवसीय दौरे पर दरभंगा, पूर्णिया एवं भागलपुर जाएंगे। इस दौरान वे विभिन्न जिलों के पीसीसी प्रभारियों, जिला कांग्रेस अध्यक्षों एवं प्रमुख कांग्रेसजनों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों और संगठन की मजबूती पर विस्तृत चर्चा करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस मीडिया एवं पब्लिसिटी विभाग के चेयरमैन डॉ अजय कुमार पासवान ने यह जानकारी देते हुए बताया कि दौरे के पहले दिन 15 अक्टूबर को दरभंगा जिला कांग्रेस कार्यालय में बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर एवं बेगूसराय जिलों के पीसीसी प्रभारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तथा प्रमुख कांग्रेसजन शामिल होंगे।

बैठक में शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक समन्वय और चुनावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

दूसरे दिन 16 अक्टूबर को पूर्णिया जिला कांग्रेस कार्यालय में बैठक होगी। इसमें पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा एवं सुपौल जिलों के पीसीसी प्रभारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं प्रमुख कांग्रेसजन भाग लेंगे।

तीसरे दिन 17 अक्टूबर को भागलपुर जिला कांग्रेस कार्यालय में बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें भागलपुर, बांका, मुंगेर, लखीसराय, जमुई एवं खगड़िया जिलों के पीसीसी प्रभारी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तथा प्रमुख कांग्रेसजन शामिल होंगे।

इस बैठक में भी शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव को लेकर तैयारियों की समीक्षा तथा आगे की कार्ययोजना पर विचार किया जाएगा।

बिहार कांग्रेस का यह तीन दिवसीय दौरा आगामी विधान परिषद चुनाव के मद्देनजर संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने, जिला स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने और चुनावी तैयारियों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरू एवं प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में होने वाली इन बैठकों के जरिए विभिन्न जिलों के नेताओं के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर साझा रणनीति बनाने पर जोर रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760621 Articles

Share this story