जवहीं दियारा से पलायन की तैयारी, गंगा के बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई चिंता नेपाल में जल प्रहार की त्रासदी की आशंका के बीच ग्रामीणों में खौफ,
बक्सर, 31 अगस्त (हि.स.)।
नेपाल में लगातार बारिश और नदियों के उफान से पैदा हुई बाढ़ की भयावह स्थिति का असर अब गंगा के दियारा क्षेत्रों में भी चिंता बढ़ाने लगा है। चक्की प्रखंड के जवहीं दियारा में गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ग्रामीणों के बीच भय का माहौल है। संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए कई परिवारों ने जरूरत पड़ने पर दियारा से पलायन की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की चिंता भी ग्रामीणों को सताने लगी है।
पिछले कुछ दिनों से गंगा के जलस्तर में उतार-चढ़ाव के बाद रविवार से फिर पानी बढ़ने लगा है। सोमवार को जिले के विभिन्न इलाकों में सुबह से रुक-रुककर हो रही तेज बारिश ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कों पर पानी जमा हो गया है, जबकि छोटी-बड़ी नदियों के जलस्तर में भी वृद्धि दर्ज की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि नेपाल और उत्तर भारत के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश का असर आने वाले दिनों में गंगा के जलस्तर पर पड़ सकता है। यही वजह है कि जवहीं दियारा के लोग किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए अभी से सतर्क हो गए हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि गंगा का जलस्तर इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो दियारा के निचले इलाकों में पानी प्रवेश कर सकता है।
सबसे बड़ी चिंता पशुपालकों को लेकर है। दियारा क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग खेती और पशुपालन पर निर्भर हैं। बाढ़ की स्थिति बनने पर लोगों के साथ-साथ मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना बड़ी चुनौती बन सकता है। इसे देखते हुए ग्रामीण पहले से ही ऊंचे और सुरक्षित स्थानों की तलाश में जुट गए हैं।
इधर, प्रशासन भी गंगा के जलस्तर और दियारा क्षेत्र की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों की निगाह अब गंगा के जलस्तर और आने वाले दिनों के मौसम पर टिकी है। फिलहाल बढ़ते पानी और लगातार बारिश ने जवहीं दियारा में संभावित बाढ़ की आशंका को लेकर खतरे की घंटी जरूर बजा दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

