भाजपा की वर्चुअल समीक्षा बैठक में कार्यक्रमों की तैयारियों पर मंथन, प्रदेश अध्यक्ष हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 16 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक आयोजित विभिन्न जनसंपर्क एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा तथा आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी की मंगलवार को एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक आयोजित की गई।

बैठक में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया एवं प्रदेश के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में योग को जन-जन तक पहुंचाने, स्वस्थ भारत और विकसित भारत के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाने तथा योग दिवस कार्यक्रमों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश में हुए ऐतिहासिक परिवर्तन, गरीब कल्याण, सुशासन और विकास से जुड़े कार्यक्रमों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा है, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक पहचान दिलाने का कार्य किया है। आज पूरी दुनिया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रही है और योग स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।

उन्होंने कहा कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर मंडल स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। सभी स्कूल, कॉलेज सहित सभी शैक्षणिक संस्थाओं के अलावा कई संगठनों के लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी खुद राजधानी पटना में योग कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके अलावा पार्टी के सभी पदाधिकारी अलग-अलग आयोजित योग अभ्यास कार्यक्रमो में शामिल होंगे। बैठक में इन सभी विषयों को लेकर चर्चा की गई।

प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जनभागीदारी का महाअभियान बनाएं तथा अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए स्वस्थ नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और योग इस दिशा में एक सशक्त माध्यम है।

बैठक में सारण, भागलपुर, कोशी, सीमांचल, पटना, मुंगेर, बेगूसराय एवं नालंदा क्षेत्र के सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्षों की उपस्थिति रही। सभी ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर व्यापक तैयारियों का भरोसा दिलाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story