मंदार की धरती पर कार्यकर्ताओं का सम्मान मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान : संजय सरावगी

WhatsApp Channel Join Now
मंदार की धरती पर कार्यकर्ताओं का सम्मान मेरे लिए सबसे बड़ा सम्मान : संजय सरावगी


पटना, 28 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सोमवार को भागलपुर से बांका पहुंचे। बांका पहुंचते ही वे सुमुखिया मोड़ भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे, जहां आयोजित कार्यकर्ता बैठक में उन्होंने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता और आगामी सेवा कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया।

बैठक को संबोधित करते हुए संजय सरावगी ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद मंदार की धरती पर उनका यह पहला आगमन है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं द्वारा विधानसभा चुनाव में दिए गए परिणाम और उनके परिश्रम का सम्मान है। उन्होंने बांका के कार्यकर्ताओं के स्वागत के लिए आभार जताया।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति उसके कार्यकर्ताओं के परिश्रम से बनी है। उन्होंने कहा कि पार्टी में बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक कार्यकर्ताओं को दायित्व मिलने की परंपरा रही है। उन्होंने पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को संगठन की महत्वपूर्ण पूंजी बताते हुए कहा कि लंबे समय तक दायित्व निभाने वाले ऐसे कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर उनकी नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि उनके अनुभव और सुझावों का संगठनात्मक कार्यों में उपयोग किया जा सके।संजय सरावगी ने संगठनात्मक बैठकों को नियमित करने और उनकी जानकारी सरल ऐप पर अपलोड करने पर भी जोर दिया। उन्होंने शक्ति केंद्र और बूथ स्तर की बैठकों को प्रभावी बनाने, स्थानीय राजनीतिक एवं संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा करने तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने बेलहर विधानसभा क्षेत्र में शक्ति केंद्र की बैठकों के बेहतर संचालन का उल्लेख करते हुए वहां के कार्यकर्ताओं की सराहना की।प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक दायित्व के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चल रहे सेवा कार्यक्रमों की जानकारी भी कार्यकर्ताओं को दी। उन्होंने 29 सितंबर से एक अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेविका-सहायिका के सम्मान, बच्चों को फल वितरण और गर्भवती महिलाओं को पोषण सामग्री उपलब्ध कराने जैसे कार्यक्रमों में भागीदारी की अपील की। उन्होंने ‘सेवा मेरा योगदान’ सहित अन्य कार्यक्रमों को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की बात कही। सात अक्टूबर को प्रस्तावित ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ की तैयारियों को लेकर भी उन्होंने दिशा-निर्देश दिए।इसके बाद संजय सरावगी जिला कोर कमेटी की बैठक में शामिल हुए। बैठक में जिले में संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और बूथ स्तर तक संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की गई। इस दौरान जिला अध्यक्ष बृजेश कुमार मिश्रा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।प्रदेश अध्यक्ष ने बांका समाहरणालय में कस्तूरबा निःशक्त बच्चों के साथ आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। उन्होंने बच्चों से मुलाकात कर उनके साथ समय बिताया और कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद होटल वैभव इन, पुरानी बस स्टैंड में प्रबुद्धजनों के साथ बैठक में शामिल होकर विभिन्न सामाजिक और स्थानीय विषयों पर संवाद किया।संजय सरावगी ने कहा कि संगठन और समाज के बीच निरंतर संवाद भाजपा की कार्यपद्धति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और संगठन की गतिविधियों की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने बांका के कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित रूप से आगे बढ़ाने तथा जिले में पार्टी के संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में काम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकार के विकास और जनकल्याणकारी कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ-साथ जनता की समस्याओं और सुझावों को संगठन के माध्यम से उचित मंच तक पहुंचाएं। संगठन की मजबूती, सेवा कार्य और निरंतर जनसंवाद के जरिए पार्टी को और व्यापक बनाने का संकल्प सभी कार्यकर्ताओं को लेना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story