बिहार कृषि ऐप से अब मिलेंगी योजनाएं, मौसम और खाद-बीज की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 16 मई (हि.स.)। बिहार के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब खेती से जुड़ी हर जरूरी जानकारी और सरकारी योजनाओं का फायदा सीधे मोबाइल पर मिलेगा। इसके लिए बिहार सरकार के कृषि विभाग ने ‘बिहार कृषि ऐप’ नाम से आधिकारिक डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है।

जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि इस ऐप का मकसद किसानों को डिजिटल रूप से मजबूत बनाना और आधुनिक खेती की जानकारी एक क्लिक पर देना है। अब किसानों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

ऐप में मिलेंगी ये सुविधाएं:

इस ऐप से किसान घर बैठे ही राज्य सरकार की सभी कृषि योजनाओं के लिए आवेदन कर सकेंगे और अपने आवेदन की स्थिति भी देख सकेंगे।

आसपास के केंद्रों पर यूरिया, डीएपी जैसे उर्वरक और उन्नत किस्म के बीज की उपलब्धता की समय पर जानकारी मिल जाएगी। खेती की सही योजना बनाने के लिए सटीक मौसम का हाल भी ऐप पर मिलेगा।

किसान ऐप के जरिए अपना पंजीकरण भी करा सकते हैं। बीज अनुदान, कृषि यांत्रिकरण जैसी योजनाओं में ऑनलाइन आवेदन की सुविधा है। साथ ही खेती से जुड़ी किसी भी समस्या की शिकायत दर्ज कर समाधान पाया जा सकता है।

कैसे करें डाउनलोड?

यह ऐप Google Play Store से फ्री में डाउनलोड किया जा सकता है। जिला कृषि पदाधिकारी ने जिले के सभी किसानों से अपील की है कि वे इस ऐप को डाउनलोड करें और खेती को आसान व फायदेमंद बनाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story