बिहार में मोनू कुमार के महादान से तीन मरीजों को मिला नया जीवन, स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने की पहल

WhatsApp Channel Join Now
बिहार में मोनू कुमार के महादान से तीन मरीजों को मिला नया जीवन, स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने की पहल


बिहार में मोनू कुमार के महादान से तीन मरीजों को मिला नया जीवन, स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने की पहल


पटना, 05 नवंबर (हि.स.)।

बिहार में अंगदान एवं अंग प्रत्यारोपण के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। बीते दिनों पटना के 16 वर्षीय मोनू कुमार सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उपचार के दौरान इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस), पटना में उन्हें ब्रेन डेड घोषित किया गया। इस असहनीय दुःख की घड़ी में भी उनके परिजनों ने असाधारण संवेदनशीलता और साहस का परिचय देते हुए स्वेच्छा से उनका लिवर एवं दोनों किडनी दान करने का निर्णय लिया।

मोनू कुमार के इस महादान से तीन जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिला। इनमें आईजीआईएमएस, पटना में 19 वर्षीय युवती का सफल लिवर प्रत्यारोपण, एक अन्य मरीज का किडनी प्रत्यारोपण तथा एम्स, पटना में एक मरीज का किडनी प्रत्यारोपण शामिल है। राज्य में पहली बार बिहार सरकार की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर लिवर प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की पहल एवं पूर्व घोषित निर्णय के अनुरूप लिवर प्रत्यारोपण के लिए सरकार की ओर से 15 लाख का अनुदान उपलब्ध कराया गया।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने गुरुवार को बातचीत में कहा कि यह मामला संज्ञान में आते ही उन्होंने आईजीआईएमएस, पटना के निदेशक एवं लिवर प्रत्यारोपण विभाग के विभागाध्यक्ष को अंगदान एवं प्रत्यारोपण की प्रक्रिया में होने वाले सभी आवश्यक खर्चों की व्यवस्था करने तथा पूर्व घोषित निर्णय के अनुरूप लिवर प्रत्यारोपण के लिए बिहार सरकार की ओर से प्रति मरीज 15 लाख का अनुदान उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का संकल्प है कि आर्थिक कठिनाई के कारण किसी भी जरूरतमंद मरीज को जीवनरक्षक उपचार से वंचित नहीं होना पड़े। राज्य में पहली बार सरकारी सहायता से लिवर प्रत्यारोपण का सफलतापूर्वक संपन्न होना बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने मोनू कुमार के परिजनों के साहसिक, संवेदनशील एवं मानवता से परिपूर्ण निर्णय को सादर नमन करते हुए उनके प्रति गहरी संवेदना एवं सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अंगदान महादान है। एक व्यक्ति का अंगदान कई जिंदगियों को नई उम्मीद दे सकता है। मोनू कुमार का महादान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देता है कि दुःख की सबसे कठिन घड़ी में भी मानवता की सेवा का संकल्प अनेक परिवारों में खुशियां लौटा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773047 Articles

Share this story