रबी फसल बीमा के लिए आवेदन शुरू, 15 जनवरी तक उठा सकेंगे योजना का लाभ

WhatsApp Channel Join Now


भागलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। जिले के अन्नदाताओं की फसलों को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रखने के लिए रबी मौसम 2026-27 के तहत प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

सहकारिता विभाग के निर्देशानुसार, इच्छुक किसान 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक अपनी फसलों का बीमा करा सकेंगे। राज्य सरकार ने करीब सात वर्षों के अंतराल के बाद रबी 2026-27 सीजन से 'बिहार राज्य फसल सहायता योजना' के स्थान पर पुनः प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लागू किया है।

इस योजना के दायरे में गेहूं, रबी मक्का, दलहन (चना, मसूर आदि), तिलहन (राई, सरसों आदि) और सब्जियों सहित कुल 18 फसलों को शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त, भागलपुर जैसे फल उत्पादक जिलों के किसानों को बड़ी राहत देते हुए आम, लीची, केला, कटहल और अमरूद जैसी पांच बागवानी फसलों को भी बीमा कवरेज दिया गया है। इस योजना का लाभ अपनी जमीन पर खेती करने वाले (रैयत) किसानों के साथ-साथ बटाईदार या पट्टे पर खेती करने वाले (गैर-रैयत) किसान भी उठा सकेंगे। किसानों पर आर्थिक बोझ कम रखने के लिए सरकार ने प्रीमियम की दरें बेहद किफायती रखी हैं।

रबी की खाद्यान्न और तिलहन फसलों के लिए किसानों को बीमित राशि का केवल 1.5 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा, जबकि वाणिज्यिक और बागवानी फसलों के लिए अधिकतम 5 प्रतिशत प्रीमियम तय किया गया है। शेष प्रीमियम राशि का वहन केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा। सूखा, बाढ़, ओलावृष्टि, असामयिक बारिश, कीट और रोगों से फसल खराब होने की स्थिति में किसानों को इस बीमा से सीधा आर्थिक मुआवजा मिलेगा। इच्छुक किसान नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), संबंधित बैंक शाखा या आधिकारिक प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए किसानों को आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक, भूमि स्वामित्व प्रमाण पत्र (एलपीसी) या अद्यतन लगान रसीद और बुवाई की गई फसल का विवरण प्रस्तुत करना होगा। योजना से जुड़ी किसी भी प्रकार की सहायता या शिकायत के लिए किसान कृषि रक्षक हेल्पलाइन नंबर 14447 या 1800-345-410 पर संपर्क कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777873 Articles

Share this story