बायसी में आंधी-तूफान का कहर, 50 से अधिक घरों के छप्पर उड़े
पूर्णिया, 24 सितंबर (हि.स.)। जिले में
बायसी प्रखंड क्षेत्र के गांगर पंचायत अंतर्गत मालोपारा तेलंगा गांव में गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। तेज हवा के कारण गांव के 50 से अधिक घरों के छप्पर उड़ गए, जबकि कई घरों में रखा घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक आए तूफान से पूरे गांव में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों के अनुसार दोपहर में मौसम अचानक बदला और देखते ही देखते तेज हवा चलने लगी। हवा की रफ्तार इतनी अधिक थी कि कई घरों के टीन, फूस और अन्य सामग्री से बने छप्पर उखड़कर दूर जा गिरे। कई परिवारों के घर खुले आसमान के नीचे आ गए। घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन एवं अन्य जरूरी सामान भी तूफान की चपेट में आने से खराब हो गया।
घटना के बाद प्रभावित परिवार अपने घरों और सामान को संभालने में जुट गए। कई स्थानों पर टूटे छप्पर और बिखरे सामान के कारण गांव में तबाही का दृश्य दिखाई दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों का शीघ्र सर्वे कराकर सरकारी प्रावधान के तहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस संबंध में बायसी के अंचलाधिकारी गणेश पासवान ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही राजस्व कर्मचारी को प्रभावित गांव में जांच के लिए भेज दिया गया है। नुकसान का आकलन कराया जा रहा है और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

