‘भोजपुरी नाट्य-शास्त्र’ पुस्तक का हुआ लोकार्पण
बक्सर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। साहित्य के पुरोधा कहे जाने वाले आचार्य शिव पुजन सहाय के जन्मभूमि उनवाँस (बक्सर) में शनिवार को एस पी एस पब्लिक स्कूल में मातृभाषा दिवस पर कार्यक्रम आयोजित हुआ,जिसमें प्रो नर्वदेश्वर राय की पुस्तक “भोजपुरी नाट्य-शास्त्र” का लोकार्पण वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के भोजपुरी विभागाध्यक्ष प्रो दिवाकर पाण्डेय के हाथों हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भोजपुरी साहित्य मंडल के अध्यक्ष प्रो अरुण मोहन भारवि ने तथा संचालन डॉ वैरागी प्रभाष चतुर्वेदी ने किया। ‘मातृभाषा और उसकी चुनौतियाँ’ विषय पर संगोष्ठी भी आयोजित हुई।
प्रो दिवाकर पाण्डेय ने कहा कि शास्त्र लोक से बनता है, लोक शास्त्र से नहीं। उन्होंने पुस्तक को भोजपुरी साहित्य के लिए मील का पत्थर बताया। प्रो भारवि ने मातृभाषा को माँ की भाषा बताते हुए इसके संरक्षण पर बल दिया। डॉ विष्णुदेव तिवारी ने भोजपुरी नाट्य परंपरा की जड़ों को समझने की आवश्यकता बताई, जबकि डॉ विमल मिश्र ने भाषा के प्रति सम्मान की कमी पर चिंता जताई।
कार्यक्रम में कृष्ण कुमार, भागवान पांडेय सहित अनेक साहित्यकारों ने विचार रखे। मौके पर जूही केसरी, रचना, शोध छात्र राजेश कुमार सहित अन्य छात्र उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा

