भीमनगर में मिठाई दुकानों पर छापेमारी, तीन गैस सिलेंडर जब्त
सुपौल, 18 अक्टूबर (हि.स.)। एसडीएम विनय कुमार के निर्देश पर रविवार को भीमनगर में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विनय कुमार ने पुलिस बल के साथ विभिन्न दुकानों में छापेमारी और जांच अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों में रखे तीन गैस सिलेंडर जब्त किए गए। कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान अधिकारियों ने मिठाई दुकानों सहित अन्य प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, उनकी वैधता अवधि और साफ-सफाई की जांच की।
दुकानों में रखे खाद्य पदार्थों की समाप्ति तिथि पर विशेष ध्यान दिया गया, ताकि ग्राहकों को खराब या निर्धारित अवधि समाप्त हो चुके खाद्य पदार्थ नहीं बेचे जाएं। आपूर्ति पदाधिकारी ने दुकानदारों को नियमों का पालन करने और किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचने की हिदायत दी। उन्होंने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता बनाए रखने तथा उसकी वैधता अवधि समाप्त होने पर बिक्री नहीं करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा और बाजार में व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की जांच आगे भी की जा सकती है। प्रशासन की इस कार्रवाई से भीमनगर के दुकानदारों में हलचल देखी गई।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

