सारण में भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह झेल रहा प्रशासनिक लापरवाही का दंश
सारण, 27 मई (हि.स.)। जिले का एकमात्र सांस्कृतिक और सामाजिक केंद्र भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह इन दिनों अपनी बदहाल व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों और कलाकारों के बीच गहरी चिंता और चर्चा का विषय बना हुआ है। इस भीषण गर्मी के मौसम में प्रेक्षागृह का वातानुकूलित यंत्र पिछले कई दिनों से पूरी तरह ठप पड़ा है। इसके चलते यहां आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में आयोजकों को अपने स्तर से कूलर का इंतजाम करना पड़ रहा है।
पिछले दिनों आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भी वातानुकूलित हॉल में कूलर लगाकर जैसे-तैसे आयोजन संपन्न कराया गया। उमस और भीषण गर्मी के कारण हॉल में मौजूद दर्शकों, कलाकारों और मुख्य अतिथियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जिसके बाद लोगों ने वहां की लचर व्यवस्था को लेकर अपनी तीखी नाराजगी और आक्रोश व्यक्त किया।
भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह छपरा शहर में सांस्कृतिक, साहित्यिक और सामाजिक आयोजनों का सबसे सुव्यवस्थित और प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहाँ नियमित रूप से महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रम, बैठकें, जीवंत नाट्य मंचन, सांस्कृतिक उत्सव, संगीत कार्यक्रम, शैक्षणिक संगोष्ठियाँ और विभिन्न सम्मान समारोह आयोजित होते रहते हैं।
ऐसे सार्वजनिक स्थल का एसी सिस्टम लंबे समय से खराब रहना प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।
इस पूरे मामले पर जब जिला कला संस्कृति पदाधिकारी विभा भारती से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि प्रेक्षागृह का एसी पिछले लगभग 15-20 दिनों से खराब है। इसकी जानकारी विभाग और वरीय अधिकारियों को पत्राचार के माध्यम से दे दी गई है। साथ ही, प्रेक्षागृह का निर्माण करने वाले संवेदक और भवन निर्माण विभाग को भी इससे अवगत करा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकरी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को इसे तत्काल दुरुस्त करने का सख्त निर्देश दिया है।
जिला कला संस्कृति पदाधिकारी ने भरोसा जताया है कि अगले कुछ दिनों के भीतर इस तकनीकी समस्या का समाधान कर लिया जाएगा और प्रेक्षागृह को इस संकट से मुक्ति मिल जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

