भवानीपुर में भव्य कलश यात्रा के साथ श्री श्री 1008 महाविष्णु यज्ञ शुरू

WhatsApp Channel Join Now
भवानीपुर में भव्य कलश यात्रा के साथ श्री श्री 1008 महाविष्णु यज्ञ शुरू


भवानीपुर में भव्य कलश यात्रा के साथ श्री श्री 1008 महाविष्णु यज्ञ शुरू


सुपौल, 16 नवंबर (हि.स.)। जिले के बसंतपुर प्रखंड अंतर्गत हृदयनगर पंचायत के भवानीपुर में श्री श्री 1008 महाविष्णु यज्ञ के शुभारंभ के अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यज्ञ नौ दिनों तक चलेगा।

कलश यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला। कलश यात्रा यज्ञ स्थल भवानीपुर से शुरू होकर सीतापुर स्थित पीपा पुल तक पहुंची। वहां श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ जल भरा और पुन: यज्ञ स्थल की ओर प्रस्थान किया। इसके बाद यज्ञ स्थल पर धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार कलश यात्रा का समापन किया गया। कलश यात्रा के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सिर पर कलश लेकर भक्ति भाव से हिस्सा लिया।

जय श्रीराम और भगवान विष्णु के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। आयोजन में क्षेत्र की माताओं, बहनों और अन्य श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर पूजा-अर्चना की तथा परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह है। यज्ञ समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक अनुष्ठान सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। नौ दिनों तक चलने वाले इस महायज्ञ को लेकर क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना हुआ है।

इस धार्मिक आयोजन में वीरपुर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष तनवीर आलम, हृदयनगर पंचायत के मुखिया संतोष कुमार सहित अन्य स्थानीय लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778107 Articles

Share this story