भास्कर महोत्सव में छठ की लोक संस्कृति और परंपरा की दिखी झलक, कलाकारों ने बांधा समां

WhatsApp Channel Join Now
भास्कर महोत्सव में छठ की लोक संस्कृति और परंपरा की दिखी झलक, कलाकारों ने बांधा समां


किशनगंज, 12 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्ता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को सम्राट अशोक भवन, खगड़ा में भास्कर महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया।

कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार, पटना तथा जिला प्रशासन किशनगंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में लोक संस्कृति, परंपरा और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला।

स्थानीय कलाकारों की मनमोहक गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा कार्यक्रम स्थल सांस्कृतिक उत्साह और भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन अपर समाहर्ता (एडीएम), अपर समाहर्ता विभागीय जांच एवं सिविल सर्जन किशनगंज ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर जिले के कई अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान छठ महापर्व की महत्ता, लोक आस्था, परंपरा और बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। महोत्सव में स्थानीय कलाकारों एवं सांस्कृतिक संस्थाओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।अनामिका घोष, अंतरा घोष, सोनू ग्वाला, आनंद कुमार दास, राजीव कुमार, आशीष कुमार, रिया, अमर आनंद एवं प्रिया राज ने गीत-संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। वहीं नृत्य कला मंदिर और आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र के कलाकारों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।

कलाकारों की प्रस्तुतियों में छठ महापर्व की आस्था, भक्ति और पारंपरिक लोक संस्कृति की झलक साफ दिखाई दी। दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छठ महापर्व की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्ता को रेखांकित करने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम के समापन पर जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, किशनगंज ने सभी कलाकारों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। इस आयोजन ने न केवल जिले की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया, बल्कि स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर भी प्रदान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775758 Articles

Share this story