भाकपा माले कोशी जोन की बैठक में आंदोलन तेज करने का निर्णय, गांव-गांव चलेगा अभियान

WhatsApp Channel Join Now

सुपौल, 02 नवंबर (हि.स.)। त्रिवेणीगंज स्थित विज्ञान कॉलेज में रविवार को भाकपा माले कोशी जोन के प्रमुख नेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने तथा ‘वोट चोर, गद्दी छोड़ो’ और ‘ज्ञानेश कुमार को जेल भेजो’ आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया गया।

बैठक की शुरुआत बिहार में भाकपा माले के संस्थापक स्वदेश भट्टाचार्य उर्फ शंभु जी के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद दिवंगत साथियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। बैठक का पर्यवेक्षण कोशी जोन प्रभारी सह राज्य स्थायी समिति सदस्य बैजनाथ यादव ने किया, जबकि अध्यक्षता माले के जिला सचिव जयनारायण यादव ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए बैजनाथ यादव ने स्वदेश भट्टाचार्य के जीवन, पार्टी निर्माण में उनके योगदान और संगठन की क्रांतिकारी धारा को बनाए रखने के प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनता का हित ही पार्टी का हित है। वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव में बैठक आयोजित कर संगठन का विस्तार करने की अपील की। साथ ही पार्टी के आह्वान पर ‘वोट चोर, गद्दी छोड़ो’ और ‘ज्ञानेश कुमार को जेल भेजो’ आंदोलन को तेज करने पर जोर दिया।

बैठक को सहरसा के माले नेता विक्की राम और कुंदन कुमार, मधेपुरा के योगेंद्र महतो और बलराम सिंह तथा सुपौल के कलाधर यादव, अरविंद कुमार शर्मा, अच्छेलाल मेहता, लालबहादुर यादव, जन्मजय राय, राजेश्वर यादव और सुरेश यादव सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771148 Articles

Share this story