ओम शांति केंद्र में श्रद्धा, स्नेह और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया भैयादूज
अररिया 11 नवम्बर(हि.स.)। फारबिसगंज के ब्रह्माकुमारी राजयोग गीता पाठशाला, ओम शांति केंद्र में भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह और आत्मीयता का प्रतीक भैयादूज का त्योहार हर्षोल्लास एवं आध्यात्मिक वातावरण में मनाया गया।
इस अवसर पर ओम शांति केंद्र में उपस्थित भाई-बहनों ने एक-दूसरे को भाई दूज की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनके सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। वहीं, भाइयों ने भी बहनों के प्रति सम्मान, स्नेह एवं आत्मीयता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारीज की आध्यात्मिक शिक्षाओं के अनुरूप भाई दूज के पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला गया। बताया गया कि यह पर्व केवल पारिवारिक रिश्तों तक सीमित नहीं है, बल्कि आत्मिक प्रेम, पवित्रता, सम्मान और विश्व बंधुत्व की भावना को भी मजबूत करने का संदेश देता है। राजयोग के माध्यम से मन को शांत रखने, आपसी प्रेम बढ़ाने तथा जीवन में सकारात्मकता अपनाने का भी संदेश दिया गया।
इस अवसर पर बीके संतोषी दीदी, राधा बहन, सरस्वती बहन, रीमा बहन, विकास भाई, पिंटू भाई, मदन भाई, अशोक भाई, दुलाल घोष, शांति मैडम, फूल दीदी, गंगा दीदी, चांदनी माताजी, महेंद्र भाई, राजेश भाई, अजातशत्रु अग्रवाल, मदन मोहन कानोजिया, मृदुला दीदी, प्रेमा दीदी सहित अनेक भाई-बहन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

