भगवानपुर पंचायत सरकार भवन में लगा सहयोग शिविर आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
भगवानपुर पंचायत सरकार भवन में लगा सहयोग शिविर आयोजित


सुपौल, 19 मई (हि.स.)। जिले के बसंतपुर प्रखंड अंतर्गत भगवानपुर पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को प्रशासन की ओर से सहयोग शिविर आयोजित किया गया, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान की दिशा में कार्रवाई की।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों को सौंपे। कार्यक्रम का उद्घाटन अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिविर का उद्देश्य गांव स्तर पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना था, ताकि उन्हें छोटी-छोटी समस्याओं के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े। शिविर की अध्यक्षता कर रहे वरीय उप समाहर्ता अमित कुमार ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता से जुड़े मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।शिविर में भूमि विवाद, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बिजली विभाग, श्रम विभाग समेत कई मामलों की सुनवाई की गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

भगवानपुर पंचायत के मुखिया चंदन राम ने कहा कि पंचायत स्तर पर ऐसे शिविर लगने से ग्रामीणों को काफी सहूलियत मिलती है। वहीं बसंतपुर अंचलाधिकारी हेमंत अंकुर ने राजस्व एवं भूमि से जुड़े मामलों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

रतनपुर थाना प्रभारी पिंटू कुमार ने ग्रामीणों को सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से जुड़ी जानकारियां दीं। एमओ विनय कुमार और लेबर इंस्पेक्टर अमित कुमार ने विभागीय योजनाओं और उससे मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से बताया।इस मौके पर जिला परिषद सदस्य अर्चना मेहता उर्फ किरण कुशवाहा, वीएस सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी अविनाश कुमार, कानूनगो शैलेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story