भागलपुर के लाल अनुज कुमार रॉय को मिलेगा ‘शोभना सम्मान-2026’

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर के लाल अनुज कुमार रॉय को मिलेगा ‘शोभना सम्मान-2026’


भागलपुर, 22 नवंबर (हि.स.)।

अंग क्षेत्र की सांस्कृतिक और कलात्मक प्रतिभा ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर जिले का मान बढ़ाया है।

भागलपुर के निवासी, चर्चित फिल्म निर्देशक, लेखक और वरिष्ठ मीडिया कर्मी अनुज कुमार रॉय को कला की श्रेणी में प्रतिष्ठित ‘शोभना सम्मान-2026’ से विभूषित किया जाएगा। वर्तमान में नई दिल्ली स्थित दूरदर्शन समाचार (डीडी न्यूज़) में कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत श्री रॉय का मीडिया, साहित्य, सिनेमा और रंगमंच के क्षेत्र में गहरा और सक्रिय योगदान रहा है।

उनकी इस उपलब्धि से भागलपुर के कला और साहित्य जगत में हर्ष का माहौल है। अनुज कुमार रॉय बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं। साहित्य के क्षेत्र में उनकी लेखनी का जादू ‘एक पल की छांव’ और ‘जीवन के उस पार’ जैसी चर्चित पुस्तकों में देखने को मिलता है। वहीं, निर्देशन के क्षेत्र में उन्होंने ‘खामोशी’, ‘आत्मग्लानि’, ‘क्लॉकिंग’, ‘माघ पूर्णिमा’, ‘कार्यंजलि’, ‘महुआ घटवारिन’, ‘यमुना पार’ और ‘भक्षण 1.0’ जैसी सार्थक व संवेदनशील फिल्मों का निर्माण कर अपनी अलग पहचान बनाई है।

रंगमंच से भी उनका गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने ‘कड़वा सच’, ‘आफत में यमराज’, ‘बिहुला’, ‘मंदार’ और ‘सबक’ जैसे कई यादगार नाटकों के मंचन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कला के प्रति उनके समर्पण को पहले भी कई मंचों पर सराहा जा चुका है। उन्हें पूर्व में ‘कला कोविद’, ‘कर्ण पुरस्कार’ और ‘तिलकामांझी राष्ट्रीय सम्मान’ से नवाजा जा चुका है। इसके अतिरिक्त, विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में उन्हें बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट फिल्म और बेस्ट स्टोरी के खिताब भी हासिल हो चुके हैं। ‘शोभना सम्मान-2026’ की घोषणा के बाद स्थानीय कलाकारों और बुद्धिजीवियों ने उन्हें बधाई दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781297 Articles

Share this story