13वां भागलपुर रंग महोत्सव 24 दिसंबर से, 11 राज्यों के कलाकार बिखेरेंगे कला और संस्कृति के रंग

WhatsApp Channel Join Now
13वां भागलपुर रंग महोत्सव 24 दिसंबर से, 11 राज्यों के कलाकार बिखेरेंगे कला और संस्कृति के रंग


भागलपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। सिल्क सिटी भागलपुर में एक बार फिर कला, संस्कृति और रंगमंच का भव्य संगम देखने को मिलेगा। 'संस्कृति के पक्ष में रंग ग्राम जन संस्कृति मंच' के बैनर तले आगामी 24 से 26 दिसंबर तक तीन दिवसीय 13वें भागलपुर रंग महोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए श्रीप्रकाश जी की अध्यक्षता में रविवार को आयोजन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।

बैठक में सर्वसम्मति से महोत्सव की तिथियों पर मुहर लगाते हुए इसे भव्य बनाने की रणनीति तैयार की गई। इस वर्ष महोत्सव में बिहार के अलावा मणिपुर, असम, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पंजाब, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश सहित कुल 11 राज्यों के कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में अखिल भारतीय बहुभाषीय नाटक, स्थानीय नाटक, लोकनृत्य, शास्त्रीय नृत्य और अंग की प्रसिद्ध मंजूषा पेंटिंग की आकर्षक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी।

महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण भव्य 'रंग जुलूस' होगा, जिसमें देशभर से आए कलाकार अपनी पारंपरिक वेशभूषा में शहर की सड़कों पर भारतीय सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक पेश करेंगे। महोत्सव के मीडिया प्रभारी धीरज शर्मा ने बताया कि भागलपुर रंग महोत्सव अपने 13वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी शहरवासियों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले सभी कलाकारों के आवासन, भोजन और सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी आयोजन समिति द्वारा निभाई जाएगी। आयोजन समिति की इस बैठक में देवाशीष बनर्जी, दीपक कुमार, विनोद कुमार रंजन, मोहम्मद तकी अहमद जावेद, महेश प्रसाद राय, विनोद कुमार झा, डॉ. जयंत जलद, राजीव राज सिंह, हरेन्दर कुमार, तरुण किरण, मीडिया प्रभारी धीरज शर्मा और सुनील कुमार रंग सहित संस्था के कई सदस्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785226 Articles

Share this story