अपराध पर नकेल कसने को भागलपुर पुलिस मुस्तैद, शहर के चप्पे-चप्पे पर विशेष बल तैनात

WhatsApp Channel Join Now
अपराध पर नकेल कसने को भागलपुर पुलिस मुस्तैद, शहर के चप्पे-चप्पे पर विशेष बल तैनात


भागलपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। शहर में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भागलपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। गुरुवार को वरीय पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में शहरी क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर विशेष पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

पुलिस प्रशासन की ओर से शहर के प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, बैंकों, एटीएम, आभूषण दुकानों और भीड़भाड़ वाले मुख्य चौक-चौराहों को सुरक्षा के लिहाज से चिह्नित किया गया है। इन सभी स्थानों पर तैनात पुलिस पदाधिकारी और जवान लगातार सघन गश्ती और सख्त निगरानी कर रहे हैं। खासतौर पर वित्तीय संस्थानों और सर्राफा बाजार के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना या लूटपाट की कोशिश को समय रहते नाकाम किया जा सके।

गौरतलब है कि भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर बीते कई दिनों से जिले के सभी थाना क्षेत्रों में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न थानों की पुलिस टीमों द्वारा बैंक, एटीएम और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की नियमित जांच के साथ-साथ प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग भी की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आम जनता को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण देना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। असामाजिक तत्वों और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए यह विशेष सुरक्षा व्यवस्था और गश्ती अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों और व्यवसायियों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story