75 करोड़ रुपये से हाईटेक होगा भागलपुर जंक्शन, 100 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें

WhatsApp Channel Join Now
75 करोड़ रुपये से हाईटेक होगा भागलपुर जंक्शन, 100 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें


भागलपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। मालदा रेल मंडल के प्रमुख स्टेशनों में शुमार भागलपुर जंक्शन के आधुनिकीकरण और यार्ड रीमॉडलिंग की दिशा में रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। करीब 75 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन को पूरी तरह हाईटेक बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। सेंट्रलाइज पैनल भवन के निर्माण के साथ ही इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत हो चुकी है। रेलवे प्रशासन ने चरणबद्ध तरीके से चलने वाले इस पूरे प्रोजेक्ट को मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। वर्तमान में भागलपुर जंक्शन के यार्ड में रेल लाइनों के घुमावदार होने और सिग्नलिंग की पुरानी व्यवस्था के कारण लगे 'काशन' की वजह से ट्रेनें महज 30 किलोमीटर प्रतिघंटे की धीमी रफ्तार से गुजरती हैं। यार्ड आधुनिकीकरण के तहत पटरियों को सीधा किया जाएगा और दो नंबर प्लेटफॉर्म की रेल लाइन को मेन ट्रैक के रूप में विकसित किया जाएगा।

इस बदलाव के बाद डाउन लाइन की थ्रू ट्रेनें बिना किसी काशन के 100 किलोमीटर प्रतिघंटे की पूरी रफ्तार से स्टेशन से गुजर सकेंगी, जिससे यात्रियों के समय की बड़ी बचत होगी। इस परियोजना के तहत स्टेशन पर अत्याधुनिक सेंट्रलाइज पैनल और रूट रिले सिस्टम स्थापित किया जा रहा है। इसके चालू हो जाने के बाद पूरे स्टेशन और यार्ड की ट्रेनों का सिग्नल और रूट नियंत्रण एक ही सेंट्रलाइज्ड पैनल से हो सकेगा। इससे मानवीय त्रुटि की संभावना खत्म होगी और ट्रेनों के परिचालन में अधिक सुरक्षा व पारदर्शिता आएगी। कुल 75 करोड़ रुपये के बजट में से 50 करोड़ रुपये यार्ड आधुनिकीकरण और सिग्नलिंग सिस्टम पर खर्च किए जा रहे हैं, जबकि शेष 25 करोड़ रुपये से प्लेटफॉर्म और फुट ओवरब्रिज का विस्तार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बरसात के दिनों में यार्ड में होने वाले जलजमाव की समस्या से स्थायी निजात दिलाने के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा और सुरक्षा के मद्देनजर तीन नए लेवल क्रॉसिंग गेट भी बनाए जाएंगे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह कार्य कई चरणों में पूरा किया जाएगा। यार्ड रीमॉडलिंग और पटरियों को जोड़ने के काम के दौरान समय-समय पर ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इस अवधि में कुछ ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से प्रभावित रह सकता है, जिसकी पूर्व सूचना यात्रियों को दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि भागलपुर जंक्शन से प्रतिदिन वंदे भारत और साप्ताहिक राजधानी एक्सप्रेस समेत 100 से अधिक ट्रेनों का आवागमन होता है, ऐसे में इस आधुनिकीकरण का सीधा लाभ लाखों रेल यात्रियों को मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785226 Articles

Share this story