भागलपुर-हंसडीहा फोरलेन निर्माण की प्रक्रिया तेज: 583.47 करोड़ से दो चरणों में बनेगी 70 किमी लंबी सड़क

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर-हंसडीहा फोरलेन निर्माण की प्रक्रिया तेज: 583.47 करोड़ से दो चरणों में बनेगी 70 किमी लंबी सड़क


भागलपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। बिहार और झारखंड के बीच सड़क संपर्क को सुगम और तेज बनाने वाली महत्वाकांक्षी भागलपुर-हंसडीहा फोरलेन परियोजना के निर्माण की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है।

भागलपुर के अलीगंज से भलजोर तक लगभग 70 किलोमीटर लंबी इस सड़क को दो चरणों में फोरलेन बनाया जाएगा। परियोजना के पहले चरण के निर्माण पर 583.47 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इसे कार्य प्रारंभ होने के 24 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय बिहार के क्षेत्रीय अधिकारी ने मंगलवार को देवघर से पटना लौटने के क्रम में हंसडीहा से भागलपुर तक पूरे मार्ग का स्थलीय जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने रजौन और ढाकामोड़ के आसपास चल रही भू-अर्जन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य समय पर शुरू हो सके।

विभागीय योजना के अनुसार, इस पूरी परियोजना को दो पैकेज में बांटा गया है। पहले चरण में भागलपुर (अलीगंज) से बांका जिले के खड़हारा गांव तक 36.6 किलोमीटर लंबी फोरलेन पेव्ड शोल्डर सड़क का निर्माण होगा। इसके लिए 583.47 करोड़ रुपये की निविदा जारी की जा चुकी है।

दूररे चरण में खड़हारा से बिहार-झारखंड सीमा स्थित भलजोर तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके लिए बांका जिले के बाराहाट, बांका और बौंसी प्रखंड के 16 गांवों में भूमि अधिग्रहण की अधिसूचना भी जारी हो चुकी है।

वर्तमान में टू-लेन सड़क होने के कारण इस मार्ग पर भारी वाहनों और कांवरियों के दबाव से अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। फोरलेन सड़क बन जाने से भागलपुर और बांका जिले के साथ-साथ झारखंड के देवघर, दुमका और पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों का सफर बेहद आसान और सुरक्षित हो जाएगा। इससे क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों और कृषि उत्पादों की ढुलाई को भी नई गति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story