भागलपुर को जाम से मिलेगी स्थायी मुक्ति: जीरोमाइल से समानांतर सेतु तक बनेगी एलिवेटेड रोड, 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर को जाम से मिलेगी स्थायी मुक्ति: जीरोमाइल से समानांतर सेतु तक बनेगी एलिवेटेड रोड, 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य


भागलपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ पर लगने वाले भीषण जाम से स्थायी निजात दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।

भागलपुर जीरोमाइल से निर्माणाधीन विक्रमशिला समानांतर फोरलेन सेतु तक एलिवेटेड रोड निर्माण की योजना को गति मिल गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने ड्रोन सर्वे के बाद इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर ली है।

इस परियोजना को वर्ष 2029 में समानांतर सेतु के निर्माण के साथ ही पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विभागीय जानकारी के अनुसार, एनएच-131बी के तहत तैयार इस डीपीआर को अब अंतिम मंजूरी के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय भेजा जा रहा है।

मंत्रालय से स्वीकृति मिलते ही एजेंसी चयन के लिए निविदा जारी की जाएगी। विभाग का लक्ष्य है कि अगले साल जून महीने तक इसका निर्माण कार्य धरातल पर शुरू कर दिया जाए, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर इसे पूरा किया जा सके। इस एलिवेटेड रोड के बन जाने से भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा। पुराने विक्रमशिला सेतु की दो लेन और नए समानांतर सेतु की चार लेन अप्रोच रोड के आपस में जुड़ने से यात्रियों को जीरोमाइल से जाह्नवी चौक तक 6-लेन सड़क की सीधी सुविधा मिल सकेगी।

वर्तमान में विक्रमशिला सेतु पहुंच पथ पर भारी वाहनों के दबाव के कारण शहरवासियों और यात्रियों को घंटों जाम से जूझना पड़ता है। नई एलिवेटेड रोड बनने से न केवल भागलपुर शहर के भीतर का ट्रैफिक दबाव कम होगा, बल्कि कोसी, सीमांचल और अंग क्षेत्र के जिलों के बीच माल ढुलाई और यात्री वाहनों की रफ्तार भी बढ़ेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782862 Articles

Share this story