धनतेरस पर 500 से 600 करोड़ के कारोबार से चमका सिल्क सिटी भागलपुर, ऑटोमोबाइल से लेकर सर्राफा और बर्तन बाजार में उमड़ी भारी भीड़

WhatsApp Channel Join Now
धनतेरस पर 500 से 600 करोड़ के कारोबार से चमका सिल्क सिटी भागलपुर, ऑटोमोबाइल से लेकर सर्राफा और बर्तन बाजार में उमड़ी भारी भीड़


भागलपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। धनतेरस के पावन अवसर पर सिल्क सिटी भागलपुर का बाजार सुबह से ही पूरी तरह गुलजार रहा। शहर के मुख्य बाजारों से लेकर प्रखंडों तक खरीदारों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह के शुभ मुहूर्त से शुरू हुई खरीदारी देर रात तक जारी रही, जिससे सर्राफा, बर्तन, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे सभी क्षेत्रों में व्यापारियों के चेहरे खिल उठे।

ईस्टर्न बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और स्थानीय व्यापारिक संगठनों के आकलन के अनुसार, इस बार जिले में करीब 500 से 600 करोड़ रुपये का बंपर कारोबार होने की उम्मीद जताई गई है। महंगाई के बावजूद सोने-चांदी की दुकानों में ग्राहकों की भारी चहल-पहल बनी रही। इस वर्ष बाजार में 24 कैरेट सोना 1,48,000 प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,000 प्रति 10 ग्राम (2 लाख प्रति किलोग्राम के करीब) के भाव पर रही।

स्वर्णिका ज्वेलर्स के विशाल आनंद समेत कई बड़े स्वर्ण व्यवसायियों ने बताया कि दुकानों में धनलक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों के साथ-साथ पारंपरिक मछली की आकृति वाले चांदी के सिक्कों व आभूषणों की भारी मांग रही। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए मेकिंग चार्ज पर 50 प्रतिशत तक की छूट भी दी जा रही थी। शहर के छोटे-बड़े ज्वेलरी शोरूमों में सुबह से ही महिलाओं द्वारा प्री-बुकिंग कराए गए गहनों की डिलीवरी लेने और नई खरीदारी के लिए लंबी कतारें देखी गईं।

वेरायटी चौक, गोला रोड और मारवाड़ी बाजार स्थित बर्तन दुकानों पर पैर रखने की जगह नहीं थी। बर्तन व्यवसायी प्रीतम कुमार और विवेक कुमार के मुताबिक, पूजा-पाठ के लिए पारंपरिक बर्तनों जैसे कि कांसा लोटा, ग्लास, पीतल की थाली, घंटी, सूप, कठौत और पीतल की बाल्टियों की रिकॉर्ड बिक्री हुई। इसके साथ ही दैनिक उपयोग के स्टील व एल्युमिनियम के बर्तनों और मॉडर्न किचन अप्लायंसेज को लेकर भी ग्राहकों में काफी उत्साह दिखा। ऑटोमोबाइल सेक्टर में इस साल ऐतिहासिक उछाल देखने को मिला। जिले के विभिन्न शो-रूमों से लगभग 8,000 दोपहिया वाहन और 500 से अधिक चार पहिया वाहनों (जैसे थार, स्कॉर्पियो-एन, पंच और कर्व) समेत कुल 9,000 से अधिक नई गाड़ियों की डिलीवरी होने का अनुमान है, जिससे अकेले ऑटोमोबाइल में 120 करोड़ से अधिक का कारोबार आंका गया है।

वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल सेक्टर में भी करीब 50 करोड़ का कारोबार दर्ज होने की उम्मीद है। ग्राहकों ने नो-कॉस्ट ईएमआई सुविधाओं का लाभ उठाते हुए स्मार्ट एलईडी टीवी, वाशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर और एआई से लैस नए स्मार्टफोन व लैपटॉप की जमकर खरीदारी की। बाजारों में जहां एक तरफ शोरूम चमचमा रहे थे, वहीं दूसरी तरफ सड़कों के किनारे सजे मिट्टी के डिजाइनर दीये, हुक्का-पाती के लिए सनसनाठी और थर्मोकोल व गत्ते से बने खूबसूरत घरौंदों की दुकानों पर भी पारंपरिक खरीदारी के लिए लोग जुटे रहे। देर शाम मुख्य बाजारों में भीड़ के कारण कई जगह जाम की स्थिति भी बनी रही, लेकिन त्योहार के उत्साह के आगे प्रशासनिक मुस्तैदी और खरीदारों की रौनक देखते ही बन रही थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story