मार्च तक तैयार होगा भभुअर स्थित भार्गव ऋषि आश्रम का ऐतिहासिक तालाब
बक्सर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। बक्सर जिले के प्रसिद्ध पंचकोशी परिक्रमा का तीसरा पड़ाव स्थल भभुअर अपनी धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान के लिए जाना जाता है। यहां स्थित भार्गव ऋषि आश्रम का विशाल तालाब आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है, जिसका वर्तमान में जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। मान्यता है कि त्रेता युग में यहां भार्गव ऋषि का आश्रम था और पंचकोशी परिक्रमा के दौरान भगवान श्रीराम अपने अनुज लक्ष्मण के साथ यहां पहुंचे थे। ऋषि के आग्रह पर लक्ष्मण जी ने अपने बाण से इस तालाब का निर्माण किया था। तभी से यहां प्रतिवर्ष मेले का आयोजन होता आ रहा है।
समय के साथ तालाब का अस्तित्व धीरे-धीरे समाप्त होता जा रहा था, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने इसके जीर्णोद्धार का निर्णय लिया। इसी क्रम में जिलाधिकारी साहिला द्वारा भभुअर तालाब का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई प्रमंडल को मार्च माह तक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने तालाब क्षेत्र को श्रद्धालुओं और आमजनों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से शौचालय, पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत संरचनाओं के निर्माण के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन का प्रयास है कि यह ऐतिहासिक धरोहर पुनः अपने गौरव को प्राप्त कर सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा

