तीखी धूप और उमस से बेहाल भागलपुर, दोपहर बाद आंधी-बारिश का येलो अलर्ट
भागलपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। जिले में मौसम के मिजाज में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। शनिवार सुबह से ही तेज और तीखी धूप निकलने के कारण उमस ने आम जनजीवन को बेहाल कर दिया है। हवा में नमी और तेज धूप के गठजोड़ से लोग पसीने से तर-बतर हैं। दोपहर तक जिले का अधिकतम तापमान 34°C से 35°C के बीच दर्ज किया गया, जिससे ऐसा महसूस हो रहा है मानो पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया हो। बढ़ती उमस और गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दोपहर बाद या शाम तक भागलपुर और इसके आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ आंधी और रुक-रुक कर बौछारें पड़ने की प्रबल संभावना है।
विभाग ने इस संबंध में येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सचेत रहने की सलाह दी है। तेज धूप के कारण सड़कों पर दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों व दफ्तरों से बाहर निकलने से बचते दिखे। बिजली की आंखमिचौली ने उमस से परेशान लोगों की दिक्कतों को और बढ़ा दिया है। हालांकि, मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर बाद होने वाली बारिश से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है, जिससे पिछले कुछ दिनों से जारी उमस भरी गर्मी से जिलावासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
मौसम विभाग और जिला आपदा प्रबंधन ने बारिश के दौरान वज्रपात (बिजली गिरने) की भी आशंका जताई है। प्रशासन ने अपील की है कि जब बादल गरजने लगें या तेज आंधी चले, तो लोग खुले मैदानों, बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण लेने से बचें और पक्के मकानों के अंदर ही सुरक्षित रहें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

