छात्राओं की सुरक्षा के लिए भागलपुर पुलिस की विशेष मुहिम: स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के बाहर ‘पुलिस दीदी’ का पहरा

WhatsApp Channel Join Now
छात्राओं की सुरक्षा के लिए भागलपुर पुलिस की विशेष मुहिम: स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के बाहर ‘पुलिस दीदी’ का पहरा


भागलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। जिले में महिलाओं और स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए भागलपुर पुलिस ने अपने विशेष अभियान ‘पुलिस दीदी’ को और अधिक तेज कर दिया है। इस पहल के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में स्थित स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों के आसपास विशेष महिला पुलिस टीमों द्वारा निरंतर निगरानी और गश्ती की जा रही है। पहले महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित ‘अभया ब्रिगेड’ को नया और अधिक प्रभावी स्वरूप देते हुए ‘पुलिस दीदी’ अभियान शुरू किया गया है। एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के निर्देशन में महिला पुलिसकर्मियों को विशेष रूप से ‘पिंक स्कूटी’ उपलब्ध कराई गई है। हेलमेट और आधुनिक संसाधनों से लैस ये महिला पुलिसकर्मी न केवल शिक्षण संस्थानों, बल्कि शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, धार्मिक स्थलों और सैंडिस कंपाउंड जैसे पार्कों में भी लगातार गश्त कर मनचलों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रख रही हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को ऐसा सम्मानजनक और निडर माहौल देना है, जिससे वे बिना किसी संकोच या भय के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें और अपने सपनों को साकार कर सकें। गश्ती के दौरान ‘पुलिस दीदी’ की टीम छात्राओं से सीधा संवाद कर उन्हें आत्मरक्षा के तरीकों, महिला अपराधों से बचाव और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक भी कर रही है। भागलपुर पुलिस प्रशासन ने छात्राओं और आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर वे बिना डरे तुरंत आपातकालीन सेवा डायल-112, अपने नजदीकी थाने या मौके पर तैनात ‘पुलिस दीदी’ टीम को सूचित करें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना मिलते ही त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784546 Articles

Share this story