बेनीपुर विधायक ने तीन विकास योजनाओं का किया लोकार्पण
दरभंगा, 28 नवंबर (हि.स.)। जिले के बेनीपुर क्षेत्र के शिवराम पंचायत में शनिवार को विकास योजनाओं को स्थानीय उपयोग के लिए समर्पित किया गया। बेनीपुर विधायक सह बिहार विधानसभा में राजग सचेतक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने विधायक ऐच्छिक कोष से निर्मित तीन योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें महादेव मंदिर के निकट नवनिर्मित चबूतरा तथा पीडी सड़क से खोकदी चौपाल घर और पीडी सड़क से अजय चौपाल के घर तक बनी पीसीसी सड़क शामिल हैं।
लोकार्पण के अवसर पर विधायक ने कहा कि बिहार में न्याय के साथ विकास की अवधारणा के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विकास का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचे, इस दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य हो रहे हैं।
उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को विकास योजनाओं की सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए विभागीय अभियंताओं को निर्धारित मानकों का पालन करने और समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता अथवा लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
विधायक ने कहा कि बेनीपुर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं के विकास का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सिंचाई जैसी बुनियादी आवश्यकताओं के साथ अब उद्योगों के विस्तार और रोजगार सृजन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से आपसी सद्भाव और सहयोग के साथ क्षेत्र के विकास में सहभागी बनने की अपील की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, राजग कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

