जन कल्याण शिविर से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा सरकार की योजनाओं का लाभ : संजय सरावगी

WhatsApp Channel Join Now

पटना, 15 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केनेतृत्व में 12 वर्षों की पूर्णता के अवसर पर भाजपा द्वारा प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर आयोजित किये जा रहे हैं।

भाजपा बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बिहार सरकार द्वारा 16, 17 एवं 18 जून को राज्य के सभी 534 प्रखंडों में आयोजित किए जा रहे प्रखंड सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर का स्वागत करते हुए इसे जनसेवा, सुशासन और अंत्योदय के संकल्प को साकार करने वाला ऐतिहासिक अभियान बताया है।

संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह शिविर उसी संकल्प को धरातल पर उतारने का प्रभावी माध्यम बनेगा।

उन्होंने कहा कि शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जीविका समूह, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, छात्रवृति योजनाएं, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना, दिव्यांग कल्याण योजनाओं , पीएम सूर्य घर , लखपति दीदी, सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन, निबंधन, सत्यापन एवं ई-केवाईसी जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि इससे आम नागरिकों को काफी सुविधा होगी और योजनाओं का लाभ तेजी से पात्र लाभार्थियों तक पहुंचेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इन शिविरों के उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। प्रखंड स्तर पर आयोजित यह शिविर प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम करेगा तथा सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाएगा।

उन्होंने कहा कि इन सभी शिविरों में एनडीए कार्यकर्ता लाभार्थियों को मदद देने के लिए उपलब्ध होंगे। कार्यकर्ता लाभार्थियों को न केवल इस शिविर को लेकर पूरी जानकारी उपलब्ध कराएंगे बल्कि आवेदनों को भरने और फॉर्म लेने में भी मदद देंगे।

उन्होंने एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इन शिविरों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं तथा पात्र लाभार्थियों को शिविरों में भाग लेने के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए सकारात्मक बदलावों और 'अंत्योदय' के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प है और यह शिविर इसी की कड़ी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Share this story