एसएसबी 19वीं वाहिनी में महिला बलकार्मिकों के लिए ब्यूटीशियन प्रशिक्षण आयोजित
किशनगंज, 13 जुलाई (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 19वीं वाहिनी, ठाकुरगंज परिसर में सोमवार को संदीक्षा वार्षिक कार्ययोजना-2026 के तहत संदीक्षा सदस्याओं एवं महिला बलकार्मिकों के लिए ब्यूटीशियन (मेकअप) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 45 संदीक्षा सदस्याओं एवं महिला बलकार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ 19वीं वाहिनी के कमांडेंट राज कुमार खलखो की उपस्थिति एवं संदीक्षा उपाध्यक्ष पल्लवी के नेतृत्व में हुआ।
इस अवसर पर कमांडेंट ने कहा कि एसएसबी अपने बलकार्मिकों एवं उनके परिवारजनों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास से जुड़े ऐसे प्रशिक्षण महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरित करते हैं।
उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाने और अर्जित कौशल का उपयोग स्वरोजगार एवं व्यक्तिगत जीवन में करने का आह्वान किया। साथ ही बताया कि संदीक्षा के माध्यम से समय-समय पर स्वास्थ्य, कल्याण एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने पूर्व में आयोजित नेत्र जांच एवं स्वास्थ्य जांच शिविरों का भी उल्लेख किया।
प्रशिक्षण का संचालन ठाकुरगंज स्थित संगीता सैलून एंड मेकअप अकादमी की प्रशिक्षिका संगीता कुमारी पासवान ने किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को थ्रेडिंग, गोल्ड ब्लीच, नेचर्स गोल्ड फेशियल, मेहंदी, बेसिक एवं आधुनिक मेकअप तकनीक, त्वचा एवं सौंदर्य देखभाल, स्वच्छता के मानकों तथा ब्यूटी पार्लर व्यवसाय से जुड़े स्वरोजगार के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के समापन पर कमांडेंट राज कुमार खलखो ने प्रशिक्षिका संगीता कुमारी पासवान एवं उनकी टीम को धन्यवाद देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रशिक्षण महिला बलकार्मिकों एवं संदीक्षा सदस्याओं के कौशल विकास, व्यक्तित्व निखार और आत्मनिर्भरता की दिशा में उपयोगी साबित होगा।
इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी एम. ब्रोजेन सिंह, सहायक कमांडेंट (संचार) एवं संदीक्षा अधिकारी आनंद मजूमदार, संदीक्षा सदस्याएं तथा महिला बलकार्मिक उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

