जमीन विवाद को लेकर मारपीट
भागलपुर, 18 मार्च (हि.स.)। जिले के गोराडीह थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर मारपीट का प्रकाश में आया है। इस घटना में एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए बुधवार को जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बबलू दास, शिवदास, फूलन देवी समेत करीब 10 लोगों ने मिलकर महेश दास और उनके परिवार के साथ मारपीट की आरोप है कि लाठी-डंडे और अन्य हथियारों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के पीछे करीब 9 साल पुराने एक मामले को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है।
पीड़ित महेश दास ने बताया कि यह मामला पहले बच्चों के बीच हुए झगड़े से शुरू हुआ था, जिसके बाद केस-मुकदमा दर्ज हुआ था। अब आरोपियों द्वारा उस मामले को समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा था लेकिन जब उन्होंने समझौता करने से इनकार किया तो उन पर और उनके परिवार पर हमला कर दिया गया।
महेश दास ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनकी पिटाई की गई और उनकी बेटी के साथ छेड़छाड़ भी की गई। फिलहाल वे मायागंज अस्पताल में इलाजरत हैं और उन्होंने प्रशासन से न्याय की मांग की है। उधर घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

