हरनाटांड़ में भालू का हमला, ग्रामीण गंभीर रूप से घायल
पश्चिम चम्पारण (बगहा),12अगस्त(हि.स.)। बुधवार की सुबह हरनाटांड़ वन क्षेत्र के बरवा कला गांव के सरेह में शौच के लिए जा रहे एक ग्रामीण पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। हमले में बरवा कला निवासी गोपाल महतो (43 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। भालू के हमले से उसका बायां हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया और वह लहूलुहान हो गया। गोपाल महतो के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख भालू जंगल की तरफ भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल गोपाल महतो को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरनाटांड़ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया।
हाथ में गंभीर चोट लगने के कारण परिजनों और ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। घटना के बाद बरवा कला सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके के गन्ना के खेतों में अक्सर जंगली जानवरों के छिपे होने की आशंका बनी रहती है। भालू के हमले की घटना से ग्रामीणों में भय और बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा गन्ने के खेतों और गांव के आसपास जंगली जानवरों की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार/अरविंद नाथ तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द नाथ तिवारी

