बेतिया नगर निगम प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण, सामान किया गया जब्त

WhatsApp Channel Join Now
बेतिया नगर निगम प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण, सामान किया गया जब्त


बेतिया, 25 अप्रैल (हि.स.)। बेतिया शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और आम नागरिकों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को नगर निगम बेतिया द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। प्रशासन ने फुटपाथों पर जमे अवैध कब्जे और अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ एक सघन अभियान चलाया।

शहर के मुख्य मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अक्सर फुटपाथ पर दुकानदारों और अन्य लोगों द्वारा अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया जाता है, जिससे पैदल यात्रियों को परेशानी होती है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए, नगर निगम की टीम ने आज सड़कों पर उतरकर अस्थाई ढांचों को हटाया।

अभियान के दौरान प्रशासन का रुख बेहद सख्त नजर आया। कई स्थानों पर पूर्व में चेतावनी दिए जाने के बावजूद दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर अधिकारियों ने कड़ी कार्रवाई करते हुए सामग्री जब्त कर ली।

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए है। यदि कोई भी व्यक्ति सड़क किनारे या फुटपाथ पर अवैध कब्जा करता पाया गया, तो न केवल उसकी सामग्री जब्त की जाएगी, बल्कि भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा। प्रशासन ने दुकानदारों से अपील की है कि वे अपनी सीमा के भीतर रहकर व्यापार करें और शहर को जाम मुक्त बनाने में सहयोग दें।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

Share this story