बेतिया में पलटी यात्रियों से भरी बस,बाल-बाल बचे करीब 40 यात्री

WhatsApp Channel Join Now
बेतिया में पलटी यात्रियों से भरी बस,बाल-बाल बचे करीब 40 यात्री


बेतिया, 19 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम चंपारण ज़िला स्थित मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के पूर्वी पकुहवा गांव के समीप बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब बेतिया से मैनाटांड़ आ रही यात्रियों से भरी शिवदानी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पोखरे में पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 40 यात्री सवार थे। अचानक बस के पोखरे में पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही मैनाटांड़ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से बस में फंसे यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।

राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि फिलहाल किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस के पहुंचने के बाद यात्रियों को सुरक्षित निकालने की कार्रवाई तेज की गई।

मैनाटांड़ थानाध्यक्ष बबलू यादव ने बताया कि बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। यात्रियों की पहचान की जा रही है तथा उनके परिजनों से बातचीत की जा रही है। उन्होंने बताया कि बस को पोखरे से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। बस बाहर निकलने के बाद ही दुर्घटना के कारणों और पूरी स्थिति की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।

यात्रियों से भरी बस के पोखरे में पलटने की घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, समय रहते ग्रामीणों और पुलिस की सक्रियता से सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया और एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

Share this story