बेतिया मे अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर
बेतिया, 09 सितंबर (हि.स.)। बेतिया शहर में प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण को गति देने के लिए प्रशासन ने बुधवार को अतिक्रमण उन्मूलन अभियान चलाया। पावर हाउस चौक से आलोक भारती चौक के बीच पांच बुलडोजरों की सहायता से सड़क की निर्धारित सीमा में बने स्थायी और अस्थायी ढांचों को हटाया गया।
अभियान में दो दर्जन से अधिक दुकानें व अन्य निर्माण ध्वस्त किए गए। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति बनी रही।
पथ प्रमंडल के अधीन पथरीघाट स्थित जीएमसीएच से बरवत सेना तक करीब 6.75 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण प्रस्तावित है।
परियोजना में सागर पोखरा, सर्किट हाउस, पावर हाउस चौक और आलोक भारती चौक सहित शहर के प्रमुख मार्ग शामिल हैं। सड़क विस्तार के साथ नाला निर्माण और यातायात सुगमता भी प्रस्तावित है। परियोजना का एग्रीमेंट मूल्य करीब 63.70 करोड़ रुपये है।
प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटने से निर्माण कार्य को गति मिलेगी और शहरवासियों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक

