गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, लोगों से नदी किनारे नहीं जाने की अपील

WhatsApp Channel Join Now
गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, लोगों से नदी किनारे नहीं जाने की अपील


बक्सर, 21 अगस्त (हि.स.)। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। गुरुवार को जिला पदाधिकारी साहिला ने रामरेखा घाट का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। जिले में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और वर्तमान में 58.59 मीटर दर्ज किया गया है। यह चेतावनी स्तर 59.32 मीटर के करीब पहुंच गया है।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने रामरेखा घाट स्थित कंट्रोल रूम को लाइट एंड साउंड के समीप स्थापित कराने का निर्देश दिया। साथ ही गंगा के बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ एवं कटाव के खतरे को देखते हुए विभिन्न स्थानों पर सांकेतिक चिह्न लगाने का निर्देश दिया।

जिला प्रशासन ने आम लोगों से गंगा नदी के घाटों, तटीय और डूब वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। प्रशासन ने नदी में स्नान, तैराकी, नौका विहार तथा रील्स या वीडियो बनाने जैसी जोखिम भरी गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी है। बच्चों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने तथा मवेशियों को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर रखने को कहा गया है।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति या जलभराव की सूचना जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 0618-3223333 पर दी जा सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

Share this story