पुनीत यादव के 186 रनों की विस्फोटक पारी से जीता बांका
भागलपुर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में सैंडिस कंपाउंड में खेले जा रहे सीनियर मेंस मुकाबले में शनिवार बांका मेंस सीनियर और मुंगेर मेंस सीनियर के बीच मैच खेला गया।
बांका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बांका की टीम 46.4 ओवर में 352 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से पुनीत यादव ने 110 गेंदों पर 186 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 22 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। विनीत चौधरी ने 53 रन बनाए। मुंगेर की ओर से गुलशन सरवजीत यादव, अमित दुर्गेश कुमार और प्रशांत कमल कुमार ने 3-3 विकेट हासिल किए। हालांकि, बांका के बल्लेबाजों ने लगातार रन गति बनाए रखी और बड़ा स्कोर खड़ा किया।
352 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंगेर की टीम 32.5 ओवर में 142 रन पर सिमट गई। बांका की ओर से हिमांशु सुदामा सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके। आदित्य कुमार और एमडी राशिद रजा ने 2-2 विकेट लेकर मुंगेर की पारी को संभलने नहीं दिया। राघवेंद्र प्रताप सिंह ने भी किफायती गेंदबाजी करते हुए दबाव बनाए रखा। इस प्रकार बांका मेंस सीनियर ने 210 रनों से शानदार जीत दर्ज की। आज के मैन ऑफ द मैच पुनीत यादव रहे, जिन्होंने अपनी विस्फोटक पारी से मैच को एकतरफा बना दिया। मैच में अंपायर की भूमिका में वेद प्रकाश एवं अमरिंदर पांडे रहे। स्कोरर के रूप में अंकित अमित राज एवं शिवम कुमार ने अपनी जिम्मेदारी निभाई। वहीं ऑब्ज़र्वर के रूप में एनसीए लेवल-2, बीसीसीआई के कोच संजय कुमार उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

