कटिहार में सुरक्षा व्यवस्था को नई धार: एसपी ने किया बाजार समिति ओपी का उद्घाटन
कटिहार, 18 नवंबर (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कटिहार पुलिस ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवनिर्मित बाजार समिति ओपी (आउट पोस्ट) का विधिवत उद्घाटन पुलिस अधीक्षक (एसपी) परिचय कुमार ने किया। इस नए ओपी की कमान पुलिस अधिकारी अभिषेक कुमार को सौंपी गई है, जिन्हें बाजार समिति ओपी का पहला थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
उद्घाटन के अवसर पर एसपी परिचय कुमार ने नवनिर्मित ओपी भवन का निरीक्षण किया और वहां तैनात पुलिस पदाधिकारियों व जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाजार समिति और तीनगछिया जैसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में पुलिस की सीधी मौजूदगी से अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नकेल कसी जा सकेगी। नवनियुक्त थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र में नियमित गश्ती तेज की जाएगी।
गौरतलब है कि तीनगछिया और बाजार समिति कटिहार का एक प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन हजारों व्यापारियों, किसानों और आम लोगों की आवाजाही रहती है। स्थानीय व्यवसायी और नागरिक लंबे समय से इस क्षेत्र में एक स्वतंत्र पुलिस चौकी की मांग कर रहे थे। ओपी के शुरू होने से अब छिनतई, चोरी और विधि-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी समस्या पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी। इस पहल से स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में खुशी की लहर है। उद्घाटन समारोह में पुलिस विभाग के कई वरीय पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

