बीएयू कुलपति ने किया केवीके कटिहार का औचक निरीक्षण, कृषि विकास कार्यों पर जताई संतुष्टि
कटिहार, 23 जून (हि.स.)। बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर के कुलपति डॉ. दुनिया राम सिंह ने मंगलवार को कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), कटिहार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में नवीन तकनीकों को अपनाकर ही किसान आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनेंगे। कुलपति ने केंद्र द्वारा किसानों के हित में चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों और नव स्थापित सामुदायिक रेडियो स्टेशन के कार्यों पर गहरी संतुष्टि जताई।
कृषि विकास कार्यक्रमों का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. मृणाल वर्मा ने कुलपति को केंद्र की गतिविधियों से अवगत कराया। डॉ. वर्मा ने बताया कि केंद्र द्वारा किसानों के लिए विभिन्न प्रशिक्षण, अग्रिम पंक्ति प्रत्यक्षण (फ्रंटलाइन डेमोंस्ट्रेशन ), किसानों के खेत पर परीक्षण, 'खेत बचाओ अभियान' और संतुलित उर्वरक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं। इन सभी क्रियाकलापों की कार्यप्रणाली देखने के बाद माननीय कुलपति ने केंद्र के प्रयासों की सराहना की।
सामुदायिक रेडियो स्टेशन के कार्यक्रमों को सुना
कुलपति डॉ. दुनिया राम सिंह ने केंद्र में नव स्थापित सामुदायिक रेडियो स्टेशन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रेडियो स्टेशन द्वारा किसानों तक पहुँचाई जा रही कृषि से जुड़ी समसामयिक जानकारियों और प्रसारित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को सुना तथा अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। इसी दौरान, आगामी 27-28 जून को बीएयू, सबौर में आयोजित होने वाले 'आम समागम' कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए रेडियो के माध्यम से एक विशेष जिंगल का भी प्रसारण किया गया।
अन्य अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस औचक निरीक्षण के मौके पर विश्वविद्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। इनमें मुख्य रूप से विश्वविद्यालय के निदेशक (प्रसार शिक्षा) डॉ. सुशील कुमार पाठक, निदेशक (प्रशासन) डॉ. राजेश कुमार, और निदेशक (छात्र कल्याण) डॉ. श्वेता शाम्भवी मौजूद रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

