सूखे की मार झेल रहे किसानों के लिए वरदान बनेगा 'श्रीअन्न', बीएयू सबौर तैयार कर रहा छह उन्नत किस्में

WhatsApp Channel Join Now
सूखे की मार झेल रहे किसानों के लिए वरदान बनेगा 'श्रीअन्न', बीएयू सबौर तैयार कर रहा छह उन्नत किस्में


भागलपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण बिहार के किसानों के लिए बदलते मौसम और कम बारिश के बीच धान की पारंपरिक खेती अब घाटे का सौदा बनती जा रही है।

सिंचाई के अभाव और बढ़ते तापमान के कारण हर साल किसानों की गाढ़ी कमाई डूबने का खतरा बना रहता है। इस गंभीर चुनौती से किसानों को उबारने के लिए बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर ने एक नई पहल शुरू की है। विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक 'श्रीअन्न' यानी मोटे अनाज की छह संभावित उन्नत किस्मों को विकसित करने पर तेजी से काम कर रहे हैं। जमुई, गया, नवादा, शेखपुरा और कैमूर जैसे सूखा प्रभावित जिलों के लिए ये नई किस्में किसी वरदान से कम नहीं होंगी।

इन फसलों की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इन्हें धान के मुकाबले बहुत कम पानी की आवश्यकता होती है। इसके साथ ही इनमें रासायनिक खाद की खपत भी लगभग आधी रह जाती है, जिससे मिट्टी की सेहत बनी रहती है और खेती का खर्च काफी कम हो जाता है। आर्थिक दृष्टिकोण से भी श्रीअन्न की खेती किसानों की तकदीर बदलने की क्षमता रखती है। विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों के अनुसार, अनुकूल परिस्थितियों में इन उन्नत किस्मों से प्रति एकड़ 12 से 13 क्विंटल तक उपज प्राप्त होने की संभावना है।

एक एकड़ में खेती करने पर किसानों की कुल लागत करीब 15 हजार रुपये आएगी। वहीं, बाजार में इस उपज को बेचकर किसान 60 से 65 हजार रुपये तक की कमाई कर सकते हैं। मनोज सिंह, वैज्ञानिक बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर का कहना है कि दक्षिण बिहार के जिलों में कम बारिश और सिंचाई की कमी के कारण धान की फसल बचाना किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। इसी समस्या के समाधान के लिए हम श्रीअन्न की छह संभावित उन्नत किस्मों पर काम कर रहे हैं। कम लागत, कम पानी और आधी खाद में तैयार होने वाली ये फसलें किसानों को न केवल मौसम की मार से बचाएंगी, बल्कि उनकी आय को भी कई गुना बढ़ाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779270 Articles

Share this story