बसंतपुर में पैक्स गोदामों का भौतिक सत्यापन, संतुष्ट दिखे एसडीएम
सुपौल, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिले के बसंतपुर प्रखंड में धान अधिप्राप्ति से जुड़े पैक्स गोदामों का गुरुवार को भौतिक सत्यापन किया गया। इस दौरान वीरपुर अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार ने बसंतपुर के प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी (बीसीओ) के साथ विभिन्न पैक्स गोदामों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में गोदामों में रखे धान के स्टॉक, अभिलेखों तथा भंडारण व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई। एसडीएम ने गोदामों में उपलब्ध धान की मात्रा का भौतिक मिलान करते हुए संबंधित कागजात का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के बाद एसडीएम ने व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि धान अधिप्राप्ति से संबंधित सभी कार्य पारदर्शिता और नियमों के अनुसार किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी प्रक्रियाओं का सही तरीके से पालन किया जाना आवश्यक है।
इस मौके पर संबंधित पैक्स प्रतिनिधि और विभागीय कर्मी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे ताकि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनी रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

