विद्युत परियोजनाओं एवं आर.ओ.डब्ल्यू. के बाधाओं का होगा शीघ्र समाधान: जिलाधिकारी
सारण, 06 अगस्त (हि.स.)। समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की निर्माणाधीन संचरण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य राइट ऑफ वे से जुड़ी बाधाओं को दूर कर जारी कार्यों को गति प्रदान करना था।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न प्रखंडों में उत्पन्न समस्याओं का विवरण लिया परसा प्रखंड में 400 केवी संचरण लाइन के दस स्थानों पर मुआवजा विवाद पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रावधानों के अनुसार केवल फसल क्षति का मुआवजा देय है। सदर अनुमंडल पदाधिकारी को पुलिस बल के साथ कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
वहीं मशरख एवं अमनौर प्रखंड में मशरख के 17 स्थानों पर मढ़ौरा एसडीएम को चरणबद्ध समाधान का जिम्मा सौंपा गया, वहीं अमनौर की समस्या का प्रशासनिक समन्वय से निपटारा करने के निर्देश दिया। छपरा-गोपालगंज बाईपास एवं न्यू रघुनाथपुर के संबंधित सीओ और थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था के बीच निर्माण कार्य निर्बाध रूप से संपन्न कराने का निर्देश जारी किया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विद्युत अवसंरचना का सुदृढ़ीकरण जिले के समग्र विकास के लिए अनिवार्य है। जनहित से जुड़ी इन परियोजनाओं में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों और अनुमंडल अधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों व एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आर.ओ.डब्ल्यू. के लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सुलझाने का आदेश दिया।
बैठक में विद्युत विभाग के वरीय अधिकारियों सहित जिला प्रशासन के सभी संबंधित अनुमंडल अधिकारी व अंचलाधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

