अपना करोड़ो का टैक्स प्रशांत जी उत्तरप्रदेश में भरते है और बात बिहार की करते हैं: ऋतुराज सिन्हा

WhatsApp Channel Join Now
अपना करोड़ो का टैक्स प्रशांत जी उत्तरप्रदेश में भरते है और बात बिहार की करते हैं: ऋतुराज सिन्हा


पटना, 27 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने बांकीपुर उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में साेमवार काे पटना के हिन्दी साहित्य सम्मेलन में महिला संवाद काे सबाेधित किया। इस दाैरान उन्हाेंने उपचुनाव के जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार पर जमकर हमला बाेला।

उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति खुद को बिहार का हितैषी, नीति नियंता और माटी का लाल बताता है, उसकी असल आर्थिक निष्ठा और योगदान बिहार के बजाय दूसरे राज्यों के साथ है। प्रशांत किशोर अपनी कंपनियों का करोड़ों रुपये का टैक्स उत्तर प्रदेश और अन्य पड़ोसी राज्यों में जमा करते हैं। वे वित्तीय लाभ बाहरी राज्यों को पहुंचाते हैं, लेकिन राजनीतिक रोटियां सेकने और जनता को गुमराह करने के लिए उन्हें सिर्फ चुनाव के वक्त बिहार की याद आती है। जब वे बिहार के खजाने में एक रुपया भी टैक्स नहीं देते, तो उन्हें बिहार के विकास, शिक्षा या रोजगार पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर का यह पूरा अभियान पूरी तरह से प्रायोजित और राज्य की जनता के साथ एक बड़ा छलावा है। वे केवल एक राजनीतिक प्रयोग करने और समाज में भ्रम फैलाने के उद्देश्य से बिहार में सक्रिय हैं। बिहार की जनता अब जागरूक हो चुकी है और वह काम करने वालों तथा केवल चुनावी सलाहकार के बीच का अंतर को अच्छी तरह समझती है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार ने दिन-रात मेहनत करके बिहार को बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर निकाला है, जबकि प्रशांत किशोर जैसे लोग केवल बयानबाजी कर राज्य की छवि को धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने सीधी चुनौती देते हुए कहा कि प्रशांत किशोर बिहार की जनता को धोखा देना बंद करें और पहले सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट करें कि उनका वित्तीय और व्यापारिक लगाव उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से क्यों है। बिहार की स्वाभिमानी जनता ऐसे बाहरी और व्यापारिक राजनीति करने वाले चेहरों को कभी स्वीकार नहीं करेगी, जिनके हित कहीं और और बातें कहीं और की होती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story